– बोले—हर हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार
– स्वतंत्रता दिवस पर विधान भवन में सीएम योगी का बड़ा ऐलान
– 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव से 65 लाख युवाओं के रोजगार की संभावना
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान भवन के सामने आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं के लिए नई ‘यूथ पॉलिसी’ की घोषणा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा प्रतिभावान, परिश्रमी और देश के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति से भरपूर है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को स्किल, इनोवेशन और रोजगार से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एग्रीटेक, फिनटेक, डीप टेक और मेड टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है। इन क्षेत्रों के विस्तार से प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनके माध्यम से 65 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार एवं नौकरी की संभावनाएं बढ़ी हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए पिछले नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
प्रदेश में 4 करोड़ से अधिक रोजगार और स्वरोजगार सृजित होने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूपी में 96 लाख एमएसएमई यूनिट, 32 हजार से अधिक बड़े उद्योग और 22 हजार से अधिक स्टार्टअप अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश का बजट और अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है। प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुना हुई है। उन्होंने कहा कि कभी बीमारू राज्यों में गिने जाने वाला उत्तर प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बन रहा है।
शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में स्कूल ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर मात्र 3 प्रतिशत रह गई है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत प्राथमिक विद्यालयों में 19 बुनियादी सुविधाओं को संतृप्त किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की बहन-बेटियों को असुरक्षा से आजादी मिली है। अब महिलाएं बाजार, पढ़ाई और काम के लिए अकेले आने-जाने में अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, बीसी सखी, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
कृषि क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है और 16 लाख निजी नलकूप वाले किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई गई है। उनके अनुसार नौ वर्षों में प्रदेश की कृषि विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हुई है।
युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज, हर जिले में स्टेडियम, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम तथा हर गांव में खेल मैदान और ओपन जिम विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश ऐसा होगा जहां विरासत और आधुनिक तकनीक का संगम दिखाई देगा। अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को युवाओं के रोजगार से जोड़ा जा रहा है। वर्ष 2025 में प्रदेश में 156 करोड़ से अधिक पर्यटकों के आने का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।


