कमालगंज। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में कमालगंज में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तपस्सी वाले बाग से शुरू हुई यात्रा ढोल-नगाड़ों की धुन और देशभक्ति के नारों के बीच हनुमान मंदिर तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ों लोग देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
यात्रा में पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कमालगंज शीलचंद्र राजपूत, खिमसेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, बीजेपी नेता प्रदीप राठौर, प्रधान नूर आलम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग शामिल हुए। कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।
यात्रा के दौरान लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए। विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए हर नागरिक को देश की एकता और अखंडता के लिए अपना योगदान देना चाहिए। तिरंगा यात्रा ने पूरे कमालगंज में देशभक्ति का माहौल बना दिया।


