480 छात्र-शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण, भूकंप, बाढ़, सर्पदंश और प्राथमिक उपचार की दी जानकारी
फर्रुखाबाद। आपदा के दौरान स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित रखने तथा उन्हें आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से एनडीआरएफ की टीम 8(जी ) ने महावीर इंटर कॉलेज नगला खैरबंद में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम आयोजित किया। कार्यक्रम 11 अगस्त 2026 को सुबह 9:50 बजे से 11:25 बजे तक चला। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह मौजूद रहे।
एनडीआरएफ टीम में एक एसओ और 14 अन्य कार्मिक समेत कुल 15 सदस्य शामिल रहे। टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा के दौरान बचाव, प्राथमिक उपचार और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को एनडीआरएफ की भूमिका और आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। प्राकृतिक एवं अन्य प्रकार की आपदाओं तथा उनसे बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
छात्रों को सीपीआर , एफबीएओ और बीएलएस जैसी जीवनरक्षक प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा रक्तस्राव रोकने की तकनीक, घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने, इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर तैयार करने और आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन मूवमेंट के बारे में बताया गया।
बाढ़ के दौरान क्या करें और क्या न करें, इम्प्रोवाइज्ड फ्लोटिंग डिवाइस के इस्तेमाल, सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा आग लगने पर फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान भूकंप की स्थिति में सायरन और इवैकुएशन ड्रिल भी कराई गई, ताकि विद्यार्थी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने की प्रक्रिया समझ सकें।
एनडीआरएफ टीम ने आपदा संबंधी जानकारी और जागरूकता बढ़ाने के लिए I-GOT, Sachet और Damini ऐप के उपयोग के बारे में भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जानकारी दी।
स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम में कुल 480 लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 217 छात्राएं, 245 छात्र और 18 शिक्षक-कर्मचारी शामिल रहे।


