फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर सबलपुर गांव की एक विधवा महिला ने अपने पड़ोसी पर खेत पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामपुर सबलपुर निवासी देवकली ने राजेपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि करीब नौ वर्ष पहले बीमारी के चलते उनके पति का निधन हो गया था। पति की मौत के बाद से वह स्वयं अपने खेत की देखभाल कर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं।
महिला का आरोप है कि गांव के एक पड़ोसी ने उनके खेत को जबरन जोतकर उस पर अवैध कब्जा कर लिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और धमकाने का भी प्रयास किया।
पीड़िता ने पुलिस से खेत पर कब्जा हटवाने और आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है। प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


