बिजनौर। असदुद्दीन ओवैसी ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के कथित मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और राम मंदिर ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला। बिजनौर के नजीबाबाद में आयोजित जनसभा और मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यदि ट्रस्ट में कोई मुसलमान होता और उस पर इस तरह का आरोप लगता, तो उसका एनकाउंटर कर दिया जाता, घर पर बुलडोजर चला दिया जाता और मामला वहीं खत्म कर दिया जाता।ओवैसी ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में ट्रस्ट से गंभीर चूक हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उनके खिलाफ वैसी कार्रवाई नहीं हो रही जैसी अन्य मामलों में देखने को मिलती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही और किसी का घर क्यों नहीं तोड़ा जा रहा।अपने संबोधन में ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने के लिए किसी भी राजनीतिक दल से गठबंधन करने को तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से मुसलमानों का इस्तेमाल केवल वोट बैंक के रूप में किया गया, लेकिन उन्हें राजनीतिक नेतृत्व नहीं दिया गया। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसने भी मुसलमानों के हितों की अनदेखी की है।ओवैसी ने कहा कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है। उन्होंने मुस्लिम समाज से केवल मतदाता बनकर न रहने, बल्कि राजनीतिक नेतृत्व में आगे आने की अपील की। साथ ही उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और कानून का पालन बिना किसी भेदभाव के होना चाहिए।


