नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के अंतिम चरण में पहुंचने के बीच दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की करीबी दोस्ती एक बार फिर चर्चा में है। भारत में अमेरिका के राजदूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के रिश्तों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि ट्रंप एक बार सुबह छह बजे ही प्रधानमंत्री मोदी को फोन करना चाहते थे।
अमेरिकी राजदूत ने बताया कि ट्रंप ने फोन करने से पहले कहा था, “वह मेरी तरह हैं, सोते नहीं। मैं उन्हें सुबह छह बजे फोन कर सकता हूं।” इस प्रसंग को दोनों नेताओं के बीच मजबूत व्यक्तिगत विश्वास और बेहतर संवाद का उदाहरण बताया गया।
राजदूत ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता अब अंतिम चरण में है और दोनों देशों के बीच शुल्क संबंधी विवाद भी सुलझने की दिशा में बढ़ रहा है। उनका कहना था कि दोनों देशों के रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं, जिनमें शीर्ष नेतृत्व की आपसी समझ और विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका केवल व्यापारिक साझेदार ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण रणनीतिक सहयोगी भी हैं। रक्षा, प्रौद्योगिकी, निवेश, ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों का सहयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में प्रस्तावित व्यापार समझौते के पूरा होने से द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।


