33 C
Lucknow
Friday, May 8, 2026

श्याम नगर में बिजली के लटकते तारों और स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

Must read

फर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र के श्याम नगर रेलवे क्रॉसिंग के निकट शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब मोहल्ले की दर्जनों महिलाएं आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आईं और मार्ग को दोनों ओर से जाम कर दिया। महिलाओं ने रस्सी और बल्लियां लगाकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि मोहल्ले में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। कई स्थानों पर बिजली के तार जमीन तक लटक रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। महिलाओं ने बताया कि गुरुवार को दो मासूम बच्चे करंट की चपेट में आ चुके हैं, जिसके बाद पूरे मोहल्ले में भय और आक्रोश का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को बचा लिया गया, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि मोहल्ले में लगाए गए स्मार्ट मीटर भी लोगों की परेशानी का कारण बन गए हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अचानक भारी बढ़ोतरी हो गई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार परेशान हैं।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया और उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद महिलाएं शांत हुईं और जाम खोल दिया गया।
जाम खुलने के बाद मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारू हो सका। वहीं स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली के लटकते तारों को ठीक नहीं कराया गया और स्मार्ट मीटर की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इलाके में हुई इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article