फर्रुखाबाद। शहर के सातनपुर मंडी रोड स्थित एक शराब ठेके पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वहां काम करने वाले युवक की अचानक हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद ठेके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में युवक को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार जनपद सीतापुर के महमूदाबाद निवासी अशोक पुत्र भागुराम फर्रुखाबाद में सातनपुर मंडी रोड पर स्थित शराब ठेके पर कार्य करता है। बताया गया है कि अशोक को पहले से ही मिर्गी के दौरे पड़ने की शिकायत थी। गुरुवार देर शाम उसने शराब का सेवन किया, जिसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह ठेके के अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
अशोक के जमीन पर गिरते ही वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। कुछ देर के लिए ठेके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने तुरंत उसे संभाला और निजी वाहन से लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही अशोक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उसका बड़ा भाई सुनील जायसवाल मौके पर पहुंचा और डॉक्टरों से जानकारी ली। लोहिया अस्पताल में तैनात डॉक्टर अभय ने बताया कि युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर लखनऊ रवाना हो गए।
शराब ठेके पर काम करने वाले युवक की बिगड़ी हालत, नशे में पड़ा मिर्गी का दौरा, मचा हड़कंप


