शमशाबाद/फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव चौराहार में रविवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे चलने लगे। संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेने के बाद जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव निवासी जयशरण अपने परिजनों के साथ विवादित भूमि पर कब्जा करने पहुंचे थे। इसका दूसरे पक्ष के बदन सिंह ने विरोध किया। कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला करने लगे। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
मारपीट में एक पक्ष से उपेंद्र, प्रीति पत्नी शवेंद्र, शवेंद्र, राधा पत्नी हरेंद्र तथा हरेंद्र घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से बदन सिंह, कुंवर पाल, अमित कुमार और बदन सिंह की नातिन सीटू को चोटें आईं।
घटना की सूचना पर तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद ले जाया गया। वहां मौजूद डॉ. अलीम अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद कुंवर पाल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में किया गया।
सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।
थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। बदन सिंह की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। उनके भाई की हालत गंभीर है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले; आठ घायल


