बरेली। केंद्रीय कारागार से फरार हुए उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी दिनेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और जेल प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने फरार कैदी की सूचना देने अथवा उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए ₹25 हजार के इनाम की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार फरार कैदी दिनेश जनपद अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र का निवासी है। वह पाकसो एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में दोषी पाए जाने के बाद उम्रकैद की सजा काट रहा था और बरेली केंद्रीय कारागार में निरुद्ध था। उसके जेल से फरार होने की घटना सामने आने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। फरार कैदी की तलाश के लिए 8 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों के घरों और उसके परिचितों से जुड़े स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों तथा प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। आसपास के जिलों की पुलिस को अलर्ट करते हुए फरार कैदी का विवरण और फोटो साझा किया गया है, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। सर्विलांस और तकनीकी माध्यमों की भी मदद ली जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि फरार कैदी की गिरफ्तारी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उसके भागने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। वहीं जेल प्रशासन से भी घटना को लेकर रिपोर्ट तलब की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि लगातार चल रही छापेमारी और निगरानी के चलते आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को फरार कैदी दिनेश के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


