फतेहपुर
चांदपुर थाना क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तेल और अन्य सामान चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है, जिससे पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया है।
यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित बृह्मदत्त त्रिपाठी ने शुक्रवार को थाना पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके खेत में लगे ट्रांसफार्मर से तेल, तार और अन्य कीमती सामान अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ।
पुलिस जांच के दौरान सूचना मिली कि चोरी किया गया सामान गांव के ही राकेश उर्फ दनकू और उसके बेटे सूरज के घर में रखा गया है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान मकान का ताला खुलवाकर जांच की, जिसमें ट्रांसफार्मर का चोरी किया गया सामान बरामद हो गया।
रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 15 लीटर ट्रांसफार्मर तेल, एल्युमिनियम वायर, एलटी वायर, लोहे की कोर पत्ती और चैनल समेत कई सामान बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस चोरी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


