मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। जहां ट्रक और बाइक (trucks and bikes) के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। घटना में बाइक सवार 3 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
घटना छपार क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिसौना मार्ग के पास उस वक्त घटी, जब बाइक पर सवार होकर पुरुष, महिला और एक बच्चा कहीं जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक और बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने के बाद तीनों को ट्रक ने कुचल दिया। घटना होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तीनों की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। वहीं ट्रक को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाने की बात पुलिस कह रही है।


