लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उपनिरीक्षक (SI) एवं समकक्ष 4543 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। मार्च 2026 में आयोजित लिखित परीक्षा के बाद रिकॉर्ड समय में भर्ती प्रक्रिया पूरी करते हुए बोर्ड ने अंतिम चयन सूची प्रकाशित की है। इसके साथ ही हजारों युवाओं का पुलिस सेवा में शामिल होने का सपना साकार हो गया है।
भर्ती बोर्ड के अनुसार इस भर्ती अभियान के तहत उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 4242 पद, पीएसी में प्लाटून कमांडर/उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस के 135 पद, विशेष सुरक्षा बल (SSF) में प्लाटून कमांडर/उपनिरीक्षक के 60 पद तथा महिला पीएसी बटालियन के लिए महिला उपनिरीक्षक के 106 पद भरे गए हैं। इन सभी पदों के लिए प्रदेशभर से 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
भर्ती प्रक्रिया के तहत 14 और 15 मार्च 2026 को चार पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया गया और मेरिट के आधार पर लगभग 12,333 अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए बुलाया गया। सभी चरण सफलतापूर्वक पूरे होने के बाद अंतिम चयन सूची तैयार की गई।
भर्ती बोर्ड के डीजी एस.बी. शिरडकर ने बताया कि आरक्षण नीति के प्रावधानों का पालन करते हुए कुल 4543 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 954 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला सहभागिता को और मजबूत करेंगी।
बोर्ड के अनुसार अंतिम चयन सूची अभ्यर्थियों द्वारा प्राप्त नॉर्मलाइज्ड अंकों, आरक्षण व्यवस्था तथा आवेदन पत्र में दिए गए वरीयता क्रम के आधार पर तैयार की गई है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अब जल्द ही सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति संबंधी अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


