फर्रुखाबाद। आपदा कभी बताकर नहीं आती, ऐसे में उससे बचाव की जानकारी ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को एनडीआरएफ की टीम ने रामानंद बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया।
एनडीआरएफ के सहायक उप निरीक्षक रमाकांत यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने छात्राओं को बाढ़, भूकंप, अग्निकांड और आकाशीय बिजली जैसी प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान खुद को सुरक्षित रखने के तरीके समझाए।
बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने, तेज बहाव से दूरी बनाए रखने और आवश्यक सामान को सुरक्षित रखने के तरीके बताए गए।
आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय भी समझाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं के साथ शिक्षिकाओं, कार्यालय सहायक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रीता दुबे ने एनडीआरएफ टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी हैं।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य रीता दुबे के साथ पूनम दुबे, साधना राठौर, फराना हाशमी, कीर्ति मिश्रा, अर्चना यादव, पूजा गुप्ता, शैलेश कुमार शुक्ला, आशुतोष दीक्षित, अरुण ओझा, साक्ष मिश्रा और राम आसरे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं व कर्मचारी मौजूद रहे।


