बांदा: बांदा में एक बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक नदी पर बने रेलवे पुल (railway bridge) पर चढ़ गया और घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा (high-voltage drama) किया। इस दौरान युवक ने अपनी प्रेमिका को बुलाने की मांग की। उसका कहना था कि प्रेमिका को न बुलाने पर पुल से कूद जाएगा। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
बता दें कि पूरा मामला मटौंध थाना क्षेत्र में केन नदी स्थित रेलवे पुल का है, जहां रहने वाला विकास शर्मा का किसी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। विकास अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन परिजनों ने दोनों की शादी करने से इंकार कर दिया था, जिससे आहत होकर युवक नदी पर बने रेलवे पुल पर चढ़ गया। पुल पर चढ़ने के बाद विकास ने धमकी दी कि जब तक उसकी प्रेमिका को नहीं बुलाया जाएगा, तब तक वह पुलिया से नीचे नहीं उतरेगा और कूदकर अपनी जान दे देगा।
वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान पुलिस ने विकास को नीचे उतरने के लिए कहा। विकास प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। इन सबके बीच पुलिस ने नदी में नाविक और गोताखोरों को तैनात करवाया। 2 घंटे हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर बुलवाया। प्रेमिका को सामने देखने के बाद युवक पुल से नीचे उतरा। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


