शमशाबाद, फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रोशनाबाद में शुक्रवार को एक युवक द्वारा कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर आग लगाए जाने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक ने घर का मुख्य गेट और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। इसके बाद कमरे में रखे कपड़ों में आग लगा दी। कमरे से धुआं उठने के बाद युवक ने खुद ही फायर ब्रिगेड, यूपी-112, थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को फोन कर कमरे में आग लगने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां, पीआरवी-112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों के अनुसार, युवक जीशान काफी देर तक कमरे का दरवाजा खोले बिना अंदर बैठा रहा और कमरे से लगातार धुआं निकलता रहा। पुलिस तथा फायर ब्रिगेड के जवान उसे दरवाजा खोलने के लिए कहते रहे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई।
बताया गया कि पुलिसकर्मियों ने जब दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो युवक ने उनके साथ हाथापाई की। पुलिस के अनुसार, इससे पहले गुरुवार रात भी युवक ने यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया था। मौके पर पहुंचे दीवान और होमगार्ड के साथ भी हाथापाई किए जाने की सूचना है।
शुक्रवार को भी दरवाजा खुलवाने के दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की, जिसमें एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है।
करीब एक घंटे तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर डटी रही। गनीमत रही कि कमरे में लगी आग ज्यादा नहीं फैल सकी और बाद में बुझ गई। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां वापस लौट गईं।
ग्रामीणों के अनुसार, युवक का मानसिक स्वास्थ्य काफी समय से ठीक नहीं है और उसका निजी चिकित्सक से उपचार चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि रात में गार्ड और दीवान के साथ युवक द्वारा हाथापाई किए जाने की सूचना मिली थी। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है और उसका उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
कमरे का दरवाजा बंद कर युवक ने लगाई आग, पुलिसकर्मी से हाथापाई में चोटिल होने की सूचना


