संकिसा। नगर पंचायत संकिसा में बाबा नीम करोरी महाराज के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन 17 सितंबर गुरुवार को संकिसा तिराहे स्थित पीडब्ल्यूडी बंगले के सामने किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम सांसद मुकेश राजपूत के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।
फिल्म में बाबा नीम करोरी महाराज के जीवन से जुड़ी घटनाओं और उनकी हनुमान भक्ति को प्रमुखता से दिखाया गया है। बाबा के परिवार के सदस्यों और भक्तों का कहना है कि बाबा पर हनुमान जी की विशेष कृपा थी। फिल्म में उनके जीवन से जुड़ी जिन घटनाओं और लीलाओं को प्रदर्शित किया गया है, वे बाबा के जीवन से जुड़ी मान्यताओं और परिवार द्वारा बताई गई घटनाओं पर आधारित हैं।नगर पंचायत अध्यक्ष प्रति राहुल राजपूत ने कहा कि उन्होंने बाबा नीम करोरी महाराज के चमत्कारों और उनकी हनुमान भक्ति के बारे में अपने बुजुर्गों से बहुत कुछ सुना है। उन्होंने कहा कि बाबा हनुमान जी के बड़े भक्त थे और उन पर हनुमान जी की विशेष कृपा मानी जाती है। बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उन्होंने शानदार बताया।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्र. नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल राजपूत और सांसद मुकेश राजपूत के प्रतिनिधि अनूप मिश्रा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। आयोजन स्थल पर करीब पांच बीघा क्षेत्र में जलरोधक टेंट लगाया जाएगा। कार्यक्रम को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन स्थल पर दर्शकों की सुविधा, बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।


