29 C
Lucknow
Saturday, September 12, 2026

सीवर लाइन में मिलीं बालू भरी बोरियां, साजिश की आशंका

Must read

 

– शिवाला समेत आधा दर्जन वार्डों में सीवर लाइन के भीतर बालू
– पत्थर और लकड़ी का बुरादा मिला
– नगर निगम ने पुलिस को दी तहरीर

वाराणसी। काशी में जलभराव की समस्या के बीच सीवर लाइनों में जानबूझकर अवरोध पैदा किए जाने का मामला सामने आया है। शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत करीब आधा दर्जन वार्डों की मुख्य सीवर लाइनों की सफाई के दौरान बालू से भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक सामग्री ठूंसी हुई मिली।
नगर निगम ने प्रथम दृष्टया इसे सीवर लाइन जाम कर सहायक गलियों में सीवर ओवरफ्लो कराने की साजिश माना है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जलकल विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भेलूपुर थाने में तहरीर दी है।
शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियो के पास मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार रात सीवर लाइन की सफाई के दौरान करीब 12 बोरी बालू निकाली गई।
महापौर ने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर नगर निगम को निशाना बनाते हुए जलभराव से संबंधित फोटो और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। ऐसे में सीवर लाइन के भीतर बालू की बोरियां मिलना गंभीर मामला है और इसकी गहन जांच आवश्यक है।
नगर निगम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध लोगों की पहचान करने की तैयारी कर रहा है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी मामले के पीछे अवांछनीय तत्वों की भूमिका की आशंका जताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता, जोन-2 की ओर से भेलूपुर थाने में दी गई तहरीर में कहा गया है कि शिवाला वार्ड संख्या-75 में कूड़ा घर रत्नाकर पार्क के पास अग्रवाल रेडियो के निकट जलभराव की समस्या दूर करने के लिए मुख्य सीवर लाइन की सफाई कराई गई। सफाई के दौरान बड़ी मात्रा में बालू से भरे बोरे बरामद हुए।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने मुख्य सीवर लाइन को जाम कर जलकल विभाग और शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने की नीयत से यह कृत्य किया।

नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सीवर लाइन अथवा सरकारी संपत्ति के साथ छेड़छाड़ करता दिखाई दे तो तत्काल नगर निगम को सूचना दें।

निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद सुरेश चौरसिया, चंद्रनाथ मुखर्जी, मदनमोहन तिवारी, विजय द्विवेदी, महेंद्र पटेल, इंद्रदेव सिंह, मनीष गुप्ता, सोमनाथ यादव, अक्षयवर सिंह, अतुल पांडेय, रविंद्र कुमार सिंह, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, सचिव सुधीर वर्मा समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article