29 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

Must read

मोहम्मदाबाद: कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कन्हू पट्टिया में बुधवार को एक 32 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मकान के बाहरी कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पीआरबी, थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कन्हू पट्टिया निवासी स्वर्गीय जवाहरलाल के पुत्र सुरजीत (32) की रिश्तेदारी में मंगलवार को आई बारात की विदाई के दौरान विवाद हो गया। बताया गया कि जनपद मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नगला लाहुक से दिनेश राजपूत की पुत्री प्रिया उर्फ सपना की बारात गांव आई थी। बुधवार सुबह विदाई के बाद लोडर वाहन से दहेज का सामान भेजा जा रहा था। इसी दौरान रिश्तेदारों द्वारा रंग लगाने की बात कही गई। आरोप है कि सुरजीत ने घर में रखा काला मोबिल ऑयल बारातियों की ओर फेंक दिया, जिससे कुछ तेल सामान व कुछ लोगों पर गिर गया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि विवाद की सूचना पर कुछ लोग एक राय होकर पहुंचे और घर में घुसकर सुरजीत के साथ मारपीट की। साथ ही महिलाओं के साथ भी अभद्रता एवं मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद घर का गेट बाहर से बंद कर दिया गया। मामले की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के साथ भी कथित रूप से अभद्रता की गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस द्वारा गेट खुलवाए जाने पर सुरजीत का शव कमरे में छत के कुंडे से अंगोछे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कराए।
मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा बताया गया है। वह अपने पीछे पत्नी नारायणी देवी, दो पुत्र लव (6 वर्ष), कुश (4 वर्ष) तथा पुत्री अनन्या (2 वर्ष) को छोड़ गया है। घटना के बाद माता रानी देवी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article