नालंदा: बिहार में नालंदा (Nalanda) जिले के भागन विगहा ओपी क्षेत्र के तूफानगंज गांव (Tufanganj village) से बाप-बेटे के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। मृतक की पहचान स्वर्गीय धर्म सिंह पासवान के 55 वर्षीय पुत्र बच्चू पासवान के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी गुलाबी देवी ने रोते हुए बताया कि उनका सौतेला बेटा पवन कुमार अक्सर जमीन और संपत्ति को लेकर झगड़ा करता था। घटना के दिन वह घर पहुंचा और पिता को बुलाकर बाहर ले गया। घर में पिता ने उसे पानी और शरबत भी पिलाया, लेकिन बाहर निकलते ही पवन ने बच्चू पासवान पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे पेट में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल बच्चू पासवान को बिहार शरीफ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि पवन कुमार को रहने के लिए अलग घर और जमीन दी गई थी, लेकिन वह और संपत्ति की मांग कर रहा था। इसी विवाद में उसने अपने पिता की हत्या कर दी। आरोपी पिछले 8 वर्षों से खुशरूपुर थाना क्षेत्र के नेटार गांव में अलग रह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल, भागन विगहा पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले को लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं, पिता की हत्या करने के बाद से फरार आरोपी बेटे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


