– लखनऊ में तीन नए मामले मिले
– दो बलरामपुर और एक लोहिया अस्पताल में भर्ती
– डिप्टी सीएम ने जांच और स्वास्थ्य संसाधन दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर में अलर्ट जारी किया है। अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 551 संदिग्ध मरीज सामने आने की जानकारी है। इनमें छह जिलों में मरीजों की संख्या दोहरे अंक में पहुंच गई है। एनसीआर क्षेत्र में स्वाइन फ्लू के सबसे अधिक मामले सामने आने की बात कही गई है।
राजधानी लखनऊ में भी स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज मिले हैं। इनमें से दो मरीजों को बलरामपुर अस्पताल और एक मरीज को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तीनों मरीजों में फिलहाल हल्के लक्षण हैं और उनका उपचार जारी है।
वहीं, लखनऊ मंडल में डेंगू के भी 135 मामले सामने आए हैं। इनमें अकेले लखनऊ में 98 मरीज मिलने की जानकारी है। स्वाइन फ्लू और डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को स्वाइन फ्लू को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में जांच की व्यवस्था सुचारु रखने के साथ ही आवश्यक दवाओं, उपकरणों, बेड और अन्य स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि संदिग्ध मरीजों की समय से जांच कराई जाए और गंभीर लक्षण वाले मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। अस्पतालों में आने वाले मरीजों की निगरानी बढ़ाने के साथ संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने पर भी जोर दिया गया है।


