लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के चोरी के जेवरात बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कश्यप, फुरकान, बरकत और तौसिफ के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को शहीद पथ के नीचे से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की दो घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद बरामदगी की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद सामान को संबंधित मुकदमों से जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी संदीप कश्यप के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाने के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


