33.1 C
Lucknow
Monday, July 27, 2026

परमापुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन का कहर, बाइक सवार महिला की मौके पर दर्दनाक मौत

Must read

बहू के भाई के साथ दवा लेने जा रही थीं अर्चना, एक साल पहले पति का हुआ था निधन, नवंबर में बेटी की होनी थी शादी; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अमृतपुर

थाना अमृतपुर क्षेत्र में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर सवार महिला की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जनपद के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव दोषपुर नागर निवासी अर्चना (40) पत्नी स्वर्गीय रविंद्र अपने बहू के भाई के साथ बाइक से कस्बा राजपुर दवा लेने जा रही थीं। बाइक बहू का भाई चला रहा था। जैसे ही वे थाना अमृतपुर क्षेत्र के परमापुर गांव के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्चना सड़क पर जा गिरीं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना पर उपनिरीक्षक राघवेंद्र भदौरिया एवं उपनिरीक्षक खूबेलाल शाक्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल महिला को अपनी सरकारी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया जाता है कि मृतका के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। करीब एक वर्ष पूर्व उनके पति रविंद्र का निधन हो चुका था। पति की मृत्यु के बाद अर्चना ही परिवार का सहारा थीं। उनके तीन पुत्र कमलेश, अवनीश और निलेश तथा एक पुत्री अंशिका हैं। परिजनों के अनुसार अंशिका की शादी आगामी नवंबर माह में तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article