नई दिल्ली। संसद के दोनों सदनों से पेपर लीक रोकने संबंधी संशोधन विधेयक पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात 10:40 बजे इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार देश में पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। पिछले कई दशकों से लगभग हर राज्य और केंद्र सरकार पेपर लीक की समस्या से जूझ रही है, जिससे लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट पैदा हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टास्क फोर्स का गठन, फास्ट ट्रैक व्यवस्था और राज्यों के सुझावों के आधार पर सुधार किए जा रहे हैं। साथ ही आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग कर परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
पीएम मोदी ने कहा कि “पेपर माफिया, पेपर लीक करने वाले गिरोह और देश के बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से सरकार सख्त कानूनी प्रावधानों वाला विधेयक संसद में लाई थी, जिस पर पिछले दो दिनों तक दोनों सदनों में विस्तृत चर्चा हुई और अंततः इसे पारित कर दिया गया।
प्रधानमंत्री ने इस कानून को आश्वस्त और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार का अभियान आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया और युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मेहनत और भविष्य की रक्षा के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।


