


फर्रुखाबाद। पुलिस लाइन फतेहगढ़ में आयोजित दीक्षांत परेड का आयोजन बड़े ही भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) उत्तर प्रदेश एस.के. भगत की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने परेड की सलामी लेकर रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया।
दीक्षांत परेड में कुल 470 रिक्रूट आरक्षियों ने हिस्सा लिया, जिन्हें 12 टोलियों में विभाजित किया गया था। सभी टोलियों ने आकर्षक वर्दी और अनुशासित कदमताल के साथ शानदार प्रदर्शन किया। परेड के दौरान रिक्रूट्स का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था।
मुख्य अतिथि एस.के. भगत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण की कठोर तपस्या के बाद अब इन रिक्रूट आरक्षियों के जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने सभी नव-नियुक्त आरक्षियों को ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया, जिससे अन्य प्रशिक्षुओं को भी प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी रिक्रूट आरक्षियों ने देश की सेवा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस भव्य आयोजन के साथ ही उनके प्रशिक्षण की यात्रा का समापन हुआ और अब वे अपने कर्तव्यों के नए सफर पर अग्रसर हो गए हैं।


