क्रासर
शहर कोतवाली में है वर्तमान तैनाती, आला अधिकारियों ने ली मामले की जानकारी
फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली में तैनात एक सिपाही ने बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर पुलिस कर्मियों ने उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि शहर कोतवाली में तैनात सिपाही रजनीश पुत्र बृजेश की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी सामने आई कि उसने संदिग्ध परिस्थितियों में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने बिना देर किए उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अंकित मिश्रा और डॉ. रिशु अग्निहोत्री ने सिपाही को भर्ती कर उपचार शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार द्विवेदी, शहर कोतवाल तथा कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ लोहिया अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती सिपाही के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उसकी स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
चिकित्सकों के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सिपाही ने वास्तव में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है या नहीं। इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सिपाही का उपचार जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
घटना को लेकर पुलिस महकमे में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। सिपाही ने किन परिस्थितियों में कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन किया और इसके पीछे क्या कारण रहा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।
सिपाही ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, आत्महत्या के प्रयास की आशंका


