फर्रुखाबाद। जनपद में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन फतेहगढ़ पहुंचकर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (डीवीपीएसटी) की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण तथा सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक असुविधा न होने पाए।
एसपी ने भर्ती स्थल पर स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि प्रत्येक चरण पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा पक्षपात की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।
एसपी आरती सिंह ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा की डीवीपीएसटी प्रक्रिया का किया निरीक्षण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती के दिए निर्देश


