लखनऊ। राजधानी के लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अपराध पर अंकुश लगाने के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क में बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराध आसूचना शाखा और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने 38.40 लाख रुपये कीमत की भारी मात्रा में अवैध सिगरेट बरामद कर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है।
घटना 2 मई 2026 की है, जब नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली ट्रेन संख्या 12004 (नई दिल्ली–लखनऊ) के लीज पार्सल पर मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच की गई। टीम ने पार्सल गेट के बाहर 16 पैकेट लेकर जा रहे आसिफ खान पुत्र अफजल खान निवासी हुसैनगंज, थाना कैसरबाग, लखनऊ को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पार्सल में से कुल 560.2 किलोग्राम वजन की लोकल ब्रांड की सिगरेट बरामद हुई, जिसमें TOJAL सुपरमिंट ब्लेंड मास्टर फिल्टर (167.5 किग्रा) और इम्प्रेशन क्रश मिंट फिल्टर (392.7 किग्रा) शामिल हैं। कुल 3,84,000 सिगरेट स्टिक की बरामदगी हुई, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत ₹38,40,000 आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह माल अनुज महेश्वरी का है, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस, प्राधिकार पत्र या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में यह भी सामने आया कि पार्सल बुकिंग के दौरान सिगरेट की जगह फोन कवर, जींस और प्लास्टिक सामान की गलत जानकारी दी गई थी, जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है।
कार्रवाई के तहत दोनों ब्रांड की एक-एक डिब्बी नमूने के रूप में सुरक्षित रखी गई, जबकि शेष माल को सील कर जब्त कर लिया गया। मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट लखनऊ जंक्शन को सौंप दिया गया है, जहां रेल अधिनियम की धारा 163 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस पूरे ऑपरेशन में अपराध आसूचना शाखा के निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, उप निरीक्षक प्रशांत सिंह यादव, उप निरीक्षक सुनीत कुमार श्रीवास्तव समेत कई पुलिसकर्मियों और आरपीएफ के निरीक्षक अमित कुमार राय, उप निरीक्षक सूरज थापा व अन्य कर्मियों की अहम भूमिका रही।
इस कार्रवाई से साफ है कि रेलवे के माध्यम से अवैध तरीके से तस्करी करने वालों पर अब शिकंजा कसता जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ ऐसे नेटवर्क को तोड़ने में जुटी हुई हैं।


