32 C
Lucknow
Sunday, May 3, 2026

चलती फ्लाइट से यात्री ने खोला इमरजेंसी गेट, छलांग लगाते ही मचा हड़कंप

Must read

 

चेन्नई

रविवार तड़के चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब शारजाह से आई एअर अरेबिया की फ्लाइट में सवार एक यात्री ने हैरान कर देने वाली हरकत करते हुए इमरजेंसी गेट खोलकर चलती विमान से छलांग लगा दी। इस खौफनाक घटना से विमान में बैठे 231 यात्रियों की सांसें थम गईं और कुछ देर के लिए पूरे एयरपोर्ट पर दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब विमान लैंडिंग के बाद मुख्य रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान 34 वर्षीय एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया और बिना सोचे-समझे नीचे कूद गया। इस अप्रत्याशित घटना से विमान में चीख-पुकार मच गई और पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोक दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त यात्री यात्रा के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था। उसे घबराहट और उल्टी की शिकायत थी, और बताया जा रहा है कि उसने घटना से पहले विमान के अंदर दो बार उल्टी भी की थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी बेचैनी और मानसिक असंतुलन के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान तत्काल मौके पर पहुंच गए। बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी विमान को घेर लिया। बिना देरी किए यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। पायलट की ओर से इस घटना की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
इस हाई-वोल्टेज घटनाक्रम के चलते एयरपोर्ट का संचालन भी प्रभावित हुआ। सुरक्षा कारणों से सुबह 03:23 बजे से 04:23 बजे तक मुख्य रनवे को बंद करना पड़ा और अन्य फ्लाइट्स को सेकेंडरी रनवे पर डायवर्ट किया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित रहे।
बताया जा रहा है कि आरोपी यात्री तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई जिले का निवासी है। फिलहाल पुलिस और विमानन सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। साथ ही, डॉक्टरों की टीम उसकी मानसिक स्थिति का भी परीक्षण कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने इतनी गंभीर और जानलेवा हरकत क्यों की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article