शमशाबाद, फर्रुखाबाद। जल निगम की ओर से कराए जा रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य के बाद शमशाबाद नगर की कई गलियों और सड़कों की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह जलभराव होने से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। क्षतिग्रस्त मार्गों पर जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, शमशाबाद नगर में जल जीवन मिशन के तहत जल निगम की ओर से पिछले कई महीनों से पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों और गलियों में खुदाई का कार्य कराया जा रहा है। पाइपलाइन बिछाने के बाद कई स्थानों पर सड़क और गलियों को ठीक से दुरुस्त नहीं किया गया। इसके चलते रास्ते ऊबड़-खाबड़ हो गए हैं और बारिश व अन्य कारणों से कई जगह पानी भर गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय क्षतिग्रस्त मार्गों से पानी बहने के कारण स्थिति और खराब हो जाती है। कई स्थानों पर जलभराव इतना अधिक है कि वाहनों का निकलना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों के अनुसार, क्षतिग्रस्त रास्तों के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं और कई लोग घायल हुए हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर की गलियों और सड़कों पर जलभराव तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की स्थिति देखी और जल निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा कि जल जीवन मिशन की पेयजल योजना अभी तक नगर पंचायत को हैंडओवर नहीं की गई है। योजना का संचालन अभी भी जल निगम की ओर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर में पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों और गलियों को दुरुस्त कराने तथा जलभराव की समस्या दूर करने के लिए जल निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि नगर के लोगों को क्षतिग्रस्त सड़कों और जलभराव से बने तालाब जैसे रास्तों से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि समय रहते व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर क्षतिग्रस्त सड़कों और गलियों की स्थिति ठीक नहीं की गई तथा जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की, ताकि नगरवासियों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
जल निगम की लापरवाही से शमशाबाद की गलियां बनीं तालाब, आवागमन हुआ मुश्किल


