मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के खूंटी गांव में एक महिला की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव गांव के एक खेत में पड़ा मिला, जिस पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान गुलफ्शां के रूप में हुई है, जिसने करीब दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। जानकारी के अनुसार, उसके पहले पति की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वह अपने मायके में रह रही थी। बाद में उसकी मुलाकात मनवीर से हुई और दोनों ने शादी कर ली थी।
परिजनों के मुताबिक, गुलफ्शां को ससुराल पक्ष द्वारा पहले से ही प्रताड़ित किया जाता था और उसकी जान को खतरा था। घटना वाले दिन वह बच्चों की किताब लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन सुबह उसका शव खेत में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम से पहले की जांच में सामने आया कि महिला के सिर, चेहरे और गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर कुल्हाड़ी से लगभग 10 वार किए गए थे। इतना ही नहीं, उसकी एक उंगली काटकर शव से करीब 200 मीटर दूर फेंक दी गई थी। घटनास्थल के पास ही हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पति मनवीर, उसके रिश्तेदारों और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है।
एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शक की सुई पति और उसके करीबियों पर है। संपत्ति विवाद और पारिवारिक तनाव जैसे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


