आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय सनसनीखेज घटनाक्रम में बदल गया, जब जयमाल के दौरान एक महिला ने पहुंचकर दूल्हे को अपना पति बता दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे मंडप में अफरा-तफरी मच गई और दूल्हा स्टेज से भाग खड़ा हुआ।
बताया जा रहा है कि एत्मादपुर के एक मैरिज हॉल में शुक्रवार रात शादी की रस्में चल रही थीं। दूल्हा-दुल्हन जयमाल के लिए स्टेज पर पहुंच चुके थे। तभी चार गाड़ियों से आई एक महिला अचानक वहां पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। उसने सबके सामने दावा किया कि दूल्हा जितेंद्र उसका पति है।
महिला के आरोप लगाते ही माहौल पूरी तरह बदल गया। डीजे बंद हो गया, बाराती और घराती स्तब्ध रह गए। इसी बीच दूल्हा वरमाला फेंककर मौके से फरार हो गया। महिला लगातार दूल्हे पर पहले से शादीशुदा होने का आरोप लगाती रही, जिससे विवाद और बढ़ गया।
घटना में उस समय नया मोड़ आया, जब दूल्हे के बड़े भाई ने पुलिस के सामने दावा किया कि हंगामा करने वाली महिला उसकी पत्नी है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और उसके छोटे भाई (दूल्हे) के बीच लंबे समय से संबंध हैं और वह उसे छोड़कर देवर से शादी करना चाहती है।
करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के चलते शादी समारोह पूरी तरह बाधित हो गया। अधिकांश बाराती वहां से चले गए और दुल्हन पक्ष के लोग असमंजस में पड़ गए। अंततः परिवार ने निर्णय लिया कि यह शादी नहीं होगी।
इसके बाद दुल्हन के परिजनों ने वहीं मौजूद एक परिचित युवक से उसकी शादी कर दी। दूसरी ओर पुलिस ने दूल्हे के पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच जारी है, हालांकि दुल्हन पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


