नई दिल्ली/अयोध्या। राम मंदिर के दान पात्र को लेकर उठे विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि प्रभु श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे में चोरी हुई है और इस मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
संजय सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, “चंदा चोरों गद्दी छोड़ो। इस खबर को ध्यान से पढ़िए तो साफ हो जाएगा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर आने वाले चढ़ावे में चोरी की गई है। सीसीटीवी में चोरी पकड़ी गई है। चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। चढ़ावा गिनने वाले अविनाश शुक्ल से चोरी के 5 लाख रुपये बरामद भी किए गए। इतना सब कुछ के बावजूद बेशर्म भाजपाई कह रहे हैं कि चढ़ावे में चोरी नहीं हुई। प्रभु श्रीराम को तो बख्श दो भाजपाइयों। राम के नाम पर चंदा चोरी नहीं चलेगी, नहीं चलेगी।”
संजय सिंह के इस बयान के बाद राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता के मामले पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर भाजपा और संबंधित व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहा है, जबकि भाजपा और प्रशासनिक पक्ष की ओर से अलग-अलग स्तर पर सफाई दी जा रही है।
गौरतलब है कि अयोध्या में राम मंदिर के दान पात्र को लेकर हाल में विभिन्न दावे और प्रतिदावे सामने आए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नियमित ऑडिट प्रक्रिया चल रही है और मामले को लेकर आधिकारिक जांच एवं तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े राम मंदिर को लेकर उठे किसी भी विवाद का प्रभाव केवल धार्मिक नहीं बल्कि राजनीतिक स्तर पर भी व्यापक होता है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।
फिलहाल, इस मामले में विभिन्न पक्षों के दावे और प्रतिदावे सामने हैं तथा अंतिम स्थिति आधिकारिक जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।


