28 C
Lucknow
Monday, September 14, 2026

ज्वेलरी शॉप से 10 किलो सोना और 15 लाख नकद चोरी, गैस कटर से ताले काटे; डीवीआर भी उखाड़ ले गए बदमाश

Must read

 

मथुरा। कोसीकलां के सराफा बाजार में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए जुगल किशोर ज्वेलर्स की दुकान से करीब 10 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद पार कर दिए। बदमाश गैस कटर से ताले काटकर दुकान में दाखिल हुए और वारदात के बाद सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। लाखों की चोरी की जानकारी मिलते ही सराफा कारोबारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध में अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।

भरत मिलाप चौक के पास स्थित जुगल किशोर ज्वेलर्स के मालिक के बेटे वरुण और उनके भाई रविवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। दुकान में रखे आभूषण स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखे गए थे। सोमवार सुबह वरुण दुकान पहुंचे तो पीछे बने कमरे का ताला जला हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो स्ट्रांग रूम की तिजोरी खुली पड़ी थी और उसमें रखे आभूषण व नकदी गायब थी।

चोरी की सूचना करीब 11 बजे पुलिस को दी गई। बड़ी वारदात की खबर फैलते ही सराफा बाजार के व्यापारी मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द खुलासा करने की मांग करते हुए प्रतिष्ठान बंद कर विरोध जताया। घटना से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों में नाराजगी दिखाई दी।

चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर ले गए, ताकि वारदात से जुड़े फुटेज पुलिस के हाथ न लग सकें। व्यापारी ने पुलिस को दी तहरीर में 15 लाख रुपये नकद और करीब 10 किलो सोने के आभूषण चोरी होने की जानकारी दी है। पुलिस अब चोरी गए आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन कर रही है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर फील्ड यूनिट और एसओजी की टीम को जांच में लगाया गया है। वारदात के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरों ने चाबी का इस्तेमाल कर तिजोरी खोली। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश के साथ घटना से जुड़े सुराग जुटा रही है और जल्द खुलासे का दावा किया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article