40.2 C
Lucknow
Friday, June 12, 2026

रिश्ते में आई दरार का खौफनाक अंजाम, युवती को मारी गोली

Must read

 

फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बहादुरगंज मोहल्ले में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने 18 वर्षीय युवती को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली युवती के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार शहर के बीबीगंज मोहल्ला निवासी एक परिवार मऊदरवाजा थाने से कुछ दूरी पर स्थित बहादुरगंज क्षेत्र में किराये के मकान में रहता है। गुरुवार रात करीब 9:45 बजे 18 वर्षीय युवती अपनी मां के साथ मकान की तीसरी मंजिल की छत पर टहल रही थी। इसी दौरान परिवार के संपर्क में रहने वाला एक युवक वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से परिचय था और लंबे समय से बातचीत होती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने वहां पहुंचते ही युवती से बातचीत की और कुछ देर बाद अचानक तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवती के दाहिने पैर में लगी और आर-पार निकल गई। गोली लगते ही युवती दर्द से चीख उठी। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोपी युवक घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवती को अपनी सरकारी गाड़ी से लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायल युवती व उसकी मां से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

जांच के दौरान युवती की मां ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक का उनके घर आना-जाना था और वह परिवार के संपर्क में रहता था। युवती ने भी पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी युवक से मोबाइल फोन पर बातचीत शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। युवती का आरोप है कि पिछले कुछ समय से युवक का व्यवहार बदल गया था और वह परिवार को जान से मारने की धमकियां देने लगा था।

घायल युवती ने बताया कि घटना के समय उसे आशंका थी कि आरोपी उसकी मां पर हमला कर सकता है। इसी कारण वह मां के सामने आ गई, तभी युवक ने गोली चला दी जो उसके पैर में जा लगी। युवती ने यह भी बताया कि उसके पिता हलवाई का काम करते थे और करीब एक महीने से लापता हैं। परिवार आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहा है और वह स्वयं पिछले आठ दिनों से टाउन हॉल में काम करने जा रही थी।

घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एवं नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों और घटना के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक और युवती एक-दूसरे को करीब डेढ़ वर्ष से जानते थे। घटना से पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत को लेकर किसी बात पर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में युवक ने युवती को गोली मारकर घायल कर दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article