– जल्द शुरू होगा नया ऑनलाइन पोर्टल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को और सरल बनाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन किसी कारणवश कार्ड जारी नहीं हो पाया है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति देख सकते हैं।
यदि पोर्टल पर नाम प्रदर्शित होता है और किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता होती है, तो संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक सुधार कराया जा सकता है।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन के बावजूद उनका कार्ड नहीं बन पाया है, उनकी सुविधा के लिए जल्द ही एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से पत्रकार अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पोर्टल शुरू होने की सूचना सभी जिला सूचना कार्यालयों के माध्यम से तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे प्रदेश के पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।


