आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा (Agra) में आज शनिवार सुबह डीजल (diesel) से भरा टैंकर ट्रेलर (Tanker-trailer) से टकराकर पलट गया। टक्कर के बाद टैंकर का टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा ईंधन सड़क पर बहने लगा। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क पर फैले डीजल को बाल्टी, कैन और डिब्बों में भरकर ले जाने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र में फतेह सिंह की पुलिया के पास सुबह करीब 7:45 बजे हुआ। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। तेल के रिसाव के चलते मौके पर आग लगने का खतरा बना हुआ था। टैंकर के परिचालक शिवदत्त के मुताबिक, एत्मादपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो से टैंकर में पेट्रोल-डीजल भरा गया था। दो चैंबर वाले टैंकर में 3 हजार लीटर पेट्रोल और 9 हजार लीटर डीजल था। टैंकर फिरोजाबाद के रसूलाबाद की ओर जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, फतेह सिंह की पुलिया के पास फिरोजाबाद की ओर से आगरा जा रहे ट्रेलर ने टैंकर में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर का टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और ईंधन सड़क पर फैल गया। हादसे में करीब 3 से 4 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। ईंधन सड़क पर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोग बाल्टी, कैन और दूसरे बर्तन लेकर पहुंचे और सड़क पर बह रहा डीजल भरकर ले जाने लगे। इस दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वहां से हटाया।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास मौजूद लोगों को हटाया। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाया गया। सड़क पर फैले पेट्रोल-डीजल के कारण आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए। टैंकर हटने के बाद यातायात को सुचारु कराया गया।


