पुणे: महाराष्ट्र के पुणे-बेंगलुरु हाईवे (Pune-Bengaluru highway) पर कुछ युवकों ने रील बनाने के लिए अपनी नई कार बीच सड़क पर रोक दी, बस यही नई कार खरीदने का जश्न मनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर Reel बनाने के लिए हाईवे पर ट्रैफिक रोककर स्टंट करना और ड्रोन से वीडियो शूट करना उन्हें महंगा पड़ गया और पुलिस ने गिरफ्तार (arrested) कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमनाथ केदारी और अजय यादव के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली रील बनाने की कोशिश में पुणे-बेंगलुरु राजमार्ग पर एक बड़ा यातायात संकट पैदा हो गया।
पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर कुछ युवकों ने रील बनाने के लिए अपनी नई कार बीच सड़क पर रोक। युवकों की रील की सनक की वजह से भारी ट्रैफिक जाम लग गया। ट्रैफिक बाधित करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नई कार के साथ वीडियो शूट किया था, जिसमें ड्रोन का भी इस्तेमाल हुआ।
पुलिस के अनुसार, सोमनाथ केदारी ने 27 अगस्त को नई कार खरीदी थी। कार खरीदने की खुशी में घर लौटने से पहले उसने बालेवाड़ी और भुजबल चौक के बीच वाकड की ओर जाने वाले व्यस्त यातायात के दौरान वाहन को राजमार्ग पर खड़ा कर दिया और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में दो फॉर्च्यूनर कारें सड़क के किनारे खड़ी दिखाई दे रही थीं, जबकि बीच में नई इलेक्ट्रिक कार BE 6 खड़ी थी। इस पूरे दृश्य को ड्रोन कैमरे से रिकॉर्ड किया गया।
रील शूट करने के दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। देखते ही देखते सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जहां यह तेजी से वायरल हो गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हाईवे पर शूटिंग के दौरान और कौन लोग मौजूद थे और यातायात बाधित करने में किसकी भूमिका थी। ड्रोन के इस्तेमाल और उसकी अनुमति से जुड़े नियमों की भी जांच की जा रही है।


