लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुई झमाझम बारिश (Heavy rain) लगातार जारी है। बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई जगह सड़कों और बाजारों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश ने एक बार फिर नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। कई इलाकों में सड़कें पानी में डूबी नजर आ रही हैं, वहीं बाजारों में भी पानी भरने से दुकानदारों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की नियमित और स्थायी सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता। इसके अलावा कई स्थानों पर नालियों के ऊपर अतिक्रमण भी जल निकासी में बाधा बन रहा है।
सबसे बड़ी समस्या उन जगहों पर दिखाई दे रही है, जहां बारिश के पानी की निकासी के लिए बने हॉल और ड्रेनेज प्वाइंट कूड़े-कचरे से बंद पड़े हैं। ऐसे में तेज बारिश होते ही पानी सड़कों पर जमा हो जाता है और लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी होती है।
अब सवाल यह है कि हर साल बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आने के बावजूद नालों और ड्रेनेज सिस्टम की स्थायी सफाई और अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रभावी कार्रवाई कब होगी?


