3264 करोड़ मिले, 2370 करोड़ निर्माण पर खर्च
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पहली बार मंदिर निर्माण और संचालन से जुड़ा विस्तृत वित्तीय ब्यौरा सार्वजनिक किया है। ट्रस्ट ने दान, निर्माण, चढ़ावे और खर्च का पूरा लेखा-जोखा जारी करते हुए पारदर्शिता का बड़ा संदेश दिया है। ट्रस्ट के अनुसार अब तक मंदिर निर्माण के लिए कुल 3264 करोड़ रुपये का दान प्राप्त हुआ है, जिसमें से 2370 करोड़ रुपये मंदिर निर्माण और उससे जुड़े विभिन्न पूंजीगत कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं।
ट्रस्ट द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मंदिर में 31 मार्च 2026 तक श्रद्धालुओं से 482 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ। इस राशि में से 391 करोड़ रुपये मंदिर के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और प्रशासनिक कार्यों पर खर्च किए गए हैं, जबकि शेष धनराशि ट्रस्ट के बैंक खातों में सुरक्षित रखी गई है।
ट्रस्ट ने यह भी बताया कि अब तक मंदिर को 2926 विशेष भेंट प्राप्त हुई हैं। श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई चांदी की वस्तुओं को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें गलाकर चांदी की छड़ों के रूप में संरक्षित किया गया है, जिससे उनकी सुरक्षा और मूल्य दोनों बनाए रखे जा सकें।
हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े वित्तीय विवादों और चढ़ावे को लेकर उठे सवालों के बीच ट्रस्ट की ओर से जारी यह विस्तृत रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ट्रस्ट का कहना है कि मंदिर से जुड़े प्रत्येक दान और व्यय का पारदर्शी रिकॉर्ड रखा जा रहा है तथा भविष्य में भी समय-समय पर जनता के सामने वित्तीय जानकारी प्रस्तुत की जाएगी। इस कदम को श्रद्धालुओं का विश्वास मजबूत करने और मंदिर के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।


