एनआईए और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई, मोबाइल से हथियारों की तस्वीरें व पाकिस्तानी नंबर मिलने का दावा
लखनऊ/सहारनपुर। अयोध्या स्थित राम मंदिर को बम से उड़ाने की कथित साजिश के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और उत्तर प्रदेश एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सहारनपुर के एक युवक को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहैल के रूप में हुई है, जो सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के लखनौती गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी को कर्नाटक के दावणगेरे से गिरफ्तार किया गया, जहां वह पेंटर का काम कर रहा था। पूछताछ के बाद उसे आगे की जांच के लिए हिरासत में लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से हथियारों के साथ उसकी तस्वीरें, पाकिस्तान के कुछ मोबाइल नंबर और संदिग्ध व्हाट्सऐप ग्रुप की जानकारी मिलने का दावा किया गया है। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जांच का फोकस इस बात पर है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा था या नहीं तथा उसके विदेशी संपर्कों की वास्तविकता क्या है। एनआईए और एटीएस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच भी करा रही हैं।
फिलहाल जांच एजेंसियों की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


