बुलेट ट्रेन सेवा प्रभावित, सुनामी का अलर्ट जारी नहीं
टोक्यो। जापान के उत्तरी हिस्से में गुरुवार को 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे राजधानी टोक्यो सहित कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के बाद एहतियात के तौर पर कुछ क्षेत्रों में बुलेट ट्रेन (शिंकानसेन) सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जापान के मुख्य द्वीप होंशू के इवाते प्रांत के निकट स्थित था। तेज झटकों के कारण लोग घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। हालांकि, प्रारंभिक रिपोर्टों में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
भूकंप के बाद जापान की मौसम एजेंसी और आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी प्रकार का सुनामी अलर्ट जारी नहीं किया गया है, जिससे तटीय क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि हाल ही में वेनेजुएला में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसके बाद अब जापान में आए इस शक्तिशाली भूकंप ने एक बार फिर भूकंपीय गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। यहां अत्याधुनिक भूकंपरोधी निर्माण प्रणाली और त्वरित आपदा प्रबंधन व्यवस्था होने के बावजूद प्रशासन हर बड़े भूकंप के बाद उच्च सतर्कता बरतता है।


