37 C
Lucknow
Wednesday, May 27, 2026

रेलवे पुलिस का जागरूकता अभियान : ट्रेन को छती पहुंचने पर होगी कठोर कार्रवाई

Must read

 

रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वालों को किया जागरूक, पत्थरबाजी करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

फर्रुखाबाद। रेलवे सुरक्षा को लेकर बुधवार को रेलवे पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर केपी सिंह मीणा एवं जीआरपी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह सोलंकी ने भारी पुलिस बल के साथ विभिन्न रेलवे गुमटियों और रेलवे ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। अभियान के दौरान रेलवे ट्रैक के निकट रहने वाले लोगों को जागरूक करते हुए ट्रेन सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि ट्रेन गुजरने के दौरान किसी भी प्रकार की पत्थरबाजी या शरारती हरकत न करें। ऐसी घटनाएं यात्रियों की जान को खतरे में डालने के साथ-साथ रेलवे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रेन पर पत्थर फेंकने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिन्हें रोकने के लिए रेलवे पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों के मोबाइल नंबर भी नोट किए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सके और क्षेत्र में निगरानी मजबूत बनाई जा सके। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति रेलवे लाइन या ट्रेनों के आसपास शरारती गतिविधि करता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत रेलवे पुलिस को दें।

आरपीएफ इंस्पेक्टर केपी सिंह मीणा ने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई व्यक्ति ट्रेन पर पत्थरबाजी या रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी हरकत करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं जीआरपी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह सोलंकी ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि रेलवे सुरक्षा में आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है।

इस जागरूकता अभियान के दौरान रेलवे पुलिस ने कई स्थानों पर लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और बच्चों तथा युवाओं को भी ट्रेन के पास न खेलने और रेलवे ट्रैक से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। अभियान से क्षेत्र में जागरूकता का माहौल देखने को मिला।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article