– बोले- “मजबूत भारत का सपना पूरा करूंगा”
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी की पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। इस अवसर पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने भावुक संदेश साझा करते हुए अपने पिता को याद किया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “पापा ने एक मजबूत, आधुनिक और एकजुट भारत का सपना देखा था। उस सपने को साकार करने की जिम्मेदारी मैं पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगा।” उन्होंने आगे लिखा कि “आपकी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी।”
राजीव गांधी भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे और सूचना प्रौद्योगिकी, टेलीकॉम तथा आधुनिक भारत की नींव रखने वाले नेताओं में गिने जाते हैं। उनकी नीतियों और फैसलों का असर आज भी देश की राजनीति और विकास मॉडल में दिखाई देता है।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली सहित कई स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए। वीर भूमि पहुंचकर नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
राजीव गांधी की पुण्यतिथि हर वर्ष कांग्रेस के लिए केवल श्रद्धांजलि का दिन नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक विजन और विचारों को याद करने का अवसर भी मानी जाती है।


