– भईयन मिश्रा के नेतृत्व में निकाला गया विशाल जुलूस
– डीएम और एसपी को सौंपा ज्ञापन
– कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
फर्रुखाबाद। सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के विरुद्ध कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में कार्रवाई न होने के विरोध में मंगलवार को सर्व समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग पीडब्ल्यूडी तिराहे पर एकत्र हुए और वहां से जुलूस निकालते हुए फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जुलूस में शामिल लोगों ने ‘ब्राह्मण समाज के सम्मान में, सर्व समाज मैदान में’ और ‘सर्व समाज एकता जिंदाबाद’ सहित कई नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी समाज के विरुद्ध अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विरुद्ध गलत टिप्पणी करने पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद प्रदर्शनकारी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग दोहराई। पुलिस की ओर से भी शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिए जाने की बात कही गई।
फर्रुखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि समाज को आपस में बांटने और वैमनस्य फैलाने वाले लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी समाजों के लोग एकजुट होकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए काम करेंगे।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश पाठक ने कहा कि सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करनी चाहिए। राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष अंगद पांडे उर्फ कोमल ने भी संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष धीरज पांडे ने समाज में अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। वहीं, संडे व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।
प्रदर्शन में मुनीष चंद्र मिश्रा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रामवीर शुक्ला, श्यामेंद्र दुबे, नीरज, अनिल द्विवेदी, विजय शुक्ला, डॉ. मिथिलेश पाठक, अभिषेक दुबे, रत्नेश पांडे, विष्णु मिश्रा, कार्तिकेय शुक्ला, अनुज मिश्रा, श्याम मोहन शुक्ला, प्रशांत मिश्रा, नंदराम दुबे, मनीष यादव, हेमंत शाक्य, राजीव वर्मा, दीपक बाजपेयी, ओम निवास पाठक, शिवेंद्र दीक्षित, विपिन अवस्थी, अनुज तिवारी, राहुल दीक्षित, पंकज दुबे, दिलीप अग्निहोत्री, विवेक मिश्रा, आयुष सक्सेना, आकाश चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


