– अखिलेश यादव ने जताया दुख
लखनऊ। समाजवादी पार्टी संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव के अचानक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने भाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह प्रतीक यादव अपने कमरे में मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और करीबी लोगों में हड़कंप मच गया। उन्हें तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूत्रों के अनुसार प्रतीक यादव को कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं जरूर थीं, लेकिन उनका सामान्य इलाज चल रहा था। खास बात यह रही कि वह अपनी फिटनेस को लेकर बेहद सजग माने जाते थे। नियमित जिम जाना, वर्कआउट करना और फिट लाइफस्टाइल फॉलो करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। शारीरिक रूप से वह काफी फिट नजर आते थे, इसलिए उनकी अचानक मौत की खबर ने लोगों को स्तब्ध कर दिया।
वर्तमान में उनका शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में मेडिकल टीम पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पूरी कर रही है। अस्पताल परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और परिवार के करीबी लोग लगातार पहुंच रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं परिवार की ओर से आज दोपहर बाद अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे, लेकिन यादव परिवार के भीतर उनकी पहचान एक शांत और फिटनेस प्रेमी व्यक्ति के रूप में थी। उनके निधन की खबर के बाद समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख देखा जा रहा है।


