कमालगंज संवाददाता शनिवार 26 सितंबर 2026।
कमालगंज कस्बे में आज शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कानपुर-फतेहगढ़ मार्ग पर मिठाइयां गली के पास स्थित पान मसाला और कोल्ड ड्रिंक की एक दुकान में मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया और दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
मौके पर पहुंची जानकारी के अनुसार दुकान के मालिक राहुल गुप्ता हैं। दुकान में उनके भतीजे हर्षित गुप्ता का भी सामान रखा था। राहुल गुप्ता ने बताया कि फ्रीजर में कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतलें होने की वजह से दुकान का फ्रीजर शुक्रवार रात को चालू छोड़ दिया गया था। देर रात बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट हुआ और उसी से निकली चिंगारी से यह हादसा हुआ।
आज सुबह दुकान से धुआं निकलता देख पड़ोसी ऋषि वर्मा ने तत्काल बाजार के लोगों को सूचना दी। सूचना पर गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता, राघव शुक्ला, गौरव गुप्ता, चंदन सहित कई दुकानदार मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
आग की लपटें तेज होने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद भी दुकान के अंदर धुआं और गैस भरी होने के कारण मलबा नहीं निकाला जा सका है।
दुकान मालिक के अनुसार इस अग्निकांड में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।


