नवाबगंज: नवाबगंज ब्लॉक के ज्योनी गांव में पिछले 25 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। गांव का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने नवाबगंज स्थित बिजलीघर पर प्रदर्शन किया।
लंबे समय से बिजली न होने के कारण गांव में पेयजल और अन्य दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी में बिजली संकट से प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है, जिससे उनकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी। हालांकि, बार-बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया।
शुक्रवार दोपहर प्रेम सिंह, सुधीर कुमार, तारा सिंह, किशनपाल, जयकिशोर, धर्मेंद्र, रोशन लाल, मोहम्मद इसरार, राजीव सिंह और अमित कुमार सहित करीब 50 ग्रामीण ट्रैक्टरों से नवाबगंज बिजलीघर पहुंचे। उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
बिजलीघर पर एसडीओ मौजूद नहीं थे, जिसके बाद ग्रामीणों ने अपनी शिकायत का पत्र विभाग के लिपिक नंदकिशोर को सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, तो वे दोबारा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में एसडीओ विद्यसागर ने बताया कि स्टोर में ट्रांसफार्मर उपलब्ध न होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कत हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्टोर में ट्रांसफार्मर आते ही उसे जल्द लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


