यूथ इंडिया | नवाबगंज
आगामी बकरीद (ईदुज्जुहा) पर्व को लेकर नवाबगंज पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कस्बे में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस के इस शक्ति प्रदर्शन से जहां आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ, वहीं माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को कड़ा संदेश भी दिया गया।
इस दौरान नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, क्राइम प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार राय और कस्बा प्रभारी गीतम सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च नवाबगंज कस्बे के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले बाजारों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय संभ्रांत नागरिकों से बातचीत कर त्योहार को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
पुलिस प्रशासन के मुताबिक बकरीद को देखते हुए कस्बे में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों में पुलिस का खौफ कायम करना रहा।


