तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर करकौर के पास हुआ हादसा, चाट का ठेला लगाने वाला मनोज पांच भाइयों में था सबसे बड़ा
शाहजहांपुर। तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर सड़क के गड्ढे ने एक युवक की जान ले ली। करकौर गांव के पास बाइक का पहिया गड्ढे में जाने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से एक की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान मनोज (25) पुत्र जगदीश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय श्यामू बाइक चला रहा था और मनोज पीछे बैठा था।
जानकारी के अनुसार थाना कटरा क्षेत्र के रमापुर गांव निवासी श्यामू (25) अपने साथी मनोज के साथ शनिवार को करकौर गांव में रिश्तेदारी में आए थे। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे करकौर गांव के पास स्टेट हाईवे पर पुलिया के समीप पहुंचे, तभी सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बाइक का पहिया चला गया। झटका लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मनोज की मौत हो गई।
पांच भाइयों में सबसे बड़ा था मनोज, शाहजहांपुर में लगाता था चाट का ठेला
मनोज मूल रूप से परौर गांव का रहनेपांचाल वाला था और शाहजहांपुर शहर में किराए पर रहता था। वह शहर में चाट का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। मनोज पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी तीन लड़कियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
स्टेट हाईवे पर पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
ग्रामीणों का कहना है कि करकौर के पास स्टेट हाईवे की हालत लंबे समय से जर्जर है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। करीब दो माह पहले इसी जगह पर श्रद्धालुओं से भरी बस भी गड्ढे के कारण पलट गई थी, जिसमें करीब 35 श्रद्धालु घायल हुए थे। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क की मरम्मत नहीं कराई है। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल सड़क ठीक कराने की मांग की है।


